मंदसौर। श्रीराम गणेशोत्सव समिति रामटेकरी युवा मित्र मंडल द्वारा गणेशोत्सव के 12वें वर्ष के उपलक्ष बैठक सह मिलनसार कार्यक्रम रेवासदेवड़ा रोड स्थित मनवार गार्डन रेस्टोरेंट में आयोजित की गई। समिति के लगभग 150 कार्यकतार्ओं का स्नेह मिलन हुआ। प्रारंभ में मंचासीन अतिथियों द्वारा अपने-अपने प्रमुख सुझाव रखे गये।
बैठक में आगामी गणेशोत्सव एवं अनंत चतुर्दशी के उपलक्ष में निकलने वाले भव्य चल समारोह की रूपरेखा तय की गई। समिति के कपिल मावर ने बताया कि संस्था पिछले 11 वर्षों से लगातार भगवान श्री गणेशजी की स्थापना से लेकर विसर्जन तक पूरे उत्साह के साथ अग्रणी भूमिका निभाती आ रही हैं। इस वर्ष समिति का 12वां वर्ष हैं, जिसे और अधिक भव्य एवं भक्तिमय तरीके से मनाने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने बताया कि आगामी 14 सितंबर को नगर भर में घर-घर व अलग-अलग पंडालों में विधि-विधान से गणपति बप्पा की प्रतिमाएं विराजित होंगी। श्रीराम गणेशोत्सव समिति रामटेकरी युवा मित्र मंडल भी पाडांल में गणेश जी को विराजित करेगा। 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी के जुलूस में समिति द्वारा भी नयनाभिराम झांकी निकाली जायेगी जो 25 सितंबर की शाम 7 बजे रामटेकरी रेवासदेवड़ा रोड से प्रारंभ होगी नगर के प्रमुख मार्गों से भ्रमण करते हुए यह झांकी अंत में घंटाघर पर जाकर पहुंचकर सम्पन्न होगी। समिति द्वारा आकर्षक और नयनाभिराम झांकी तैयार की जाएगी। झांकी के साथ एक चलित भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें दो सुप्रसिद्ध भजन गायक चलते रथ/वाहन में सवार होकर भगवान गणेश के भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। समिति के सुझाव अनुसार फलाहारी आलू बड़े अथवा साबूदाने की खिचड़ी जैसी फलाहारी प्रसादी का चलते-चलते वितरण करने की योजना बनाई जा रही है, ताकि नगर के भक्तों व श्रद्धालुओं तक सुगमता से प्रसादी पहुंच सके। बैठक में समिति के सभी वरिष्ठ एवं युवा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और आगामी उत्सव को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारियां सौंपी गईं। आभार समिति के प्रमोदकुमार मालवी ने माना।










