मंदसौर। बुधवार को हरियाली अमावस्या के अवसर पर भानपुरा में स्थित छोटे-बड़े महादेव मंदिर पर पर्यटकों व श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। क्षेत्र में दो दिनों से हो रही बारिश के चलते यहां पर पहाड़ों से झरना गिर रहा हैं। श्रद्धालुओं ने महादेव के दर्शन कर झरने का खूब आनंद लिया।
बड़ा महादेव पहुंच मार्ग पर दिनभर भीड़ रही। तहसीलदार मुकेश निगम, नायब तहसीलदार सुनील अग्रवाल, थाना प्रभारी विनय बुंदेला, नगर परिषद का अमला, राजस्व अमला, वन विभाग अमला, पुलिस व प्रशासन के कर्मचारियों के साथ व्यवस्थाओं के लिए यहां तैनात रहे। सुबह के बाद रुक-रुक कर बारिश का दौर भी चलता रहा। इस दौरान नागर माता पुलिया पर जाम की स्थिति रही। प्राकृतिक सौंदर्य को निहारने एवं शिवालय में भगवान भोले के दर्शन के लिए लोगों में खूब उत्साह रहा। बड़ा महादेव पहुंच मार्ग से दो बायपास मार्ग आदिवासी भील बस्ती एवं पगलिया वाला स्थान के समीप से होकर छत्री संस्थान के पीछे से नाग का चबूतरा के यहां से गांधीसागर मार्ग एवं चंपा नदी से गांधीसागर मुख्य मार्ग तक रोड मिल जाने के बाद भी भारी जन सैलाब के चलते जाम की स्थिति रही। दोपहर बाद पुलिस प्रशासन द्वारा बड़ा महादेव एवं छोटा महादेव मार्ग के लिए रास्तों को डाइवर्ट किया गया। भानपुरा क्षेत्र में छोटे बड़े महादेव के अलावा तक्षकेश्वर, चतुर्भुजनाथ, हिंगलाजगढ़ माताजी, कथिरिया आदि स्थानों पर हरियाली अमावस्या पर भीड़ रही। भानपुरा तहसील क्षेत्र के साथ ही राजस्थान क्षेत्र के भवानीमंडी, रामगंजमंडी, झालावाड़, कोटा एवं गरोठ, शामगढ़, सुवासरा व दूर दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचे।











