मंदसौर। चंबल नदी से सटे हुए क्षेत्रों में कंजरों की वारदाते थमी नहीं है।। रविवार-सोमवार की रात में गरोठ तहसील के ग्राम बालोदा में कंजरों की घुसपैठ हुई। चार-पांच कंजर आए थे। वे यहां से ट्रेक्टव, मोटरसाइकल चोरी करने की कोशिश में थे कि इसी दौरान टेंट की दुकान में सो रहा एक बुजुर्ग व्यक्ति उठ गया। वह बाहर निकला तभी कंजरों ने बुजुर्ग पर फायर कर दिया। बुजुर्ग के पेट में गोली व छर्रे लग गए। गंभीर स्थिति में गरोठ अस्पताल से मंदसौर व फिर रतलाम मेडिकल कालेज रेफर किया है। पुलिस ने इस वारदात में शामिल पांच में से दो कंजरों को पकड़ लिया है। अभी तीन फरार हैं सभी कंजर मुंडला डेरे के हैं।
मिली जानकारी के अनुसार राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्र में रहने वाले कंजर चंबल नदी के आस-पास वाले क्षेत्रों में लूट करते रहते हैं। अभी चार माह पहले बसई में भी ट्रैक्टर व पिकअप चुराने की कोशिश की थी। और लोगों के जागने पर फायर कर भाग गए थे। अब रविवार-सोमवार की रात में गरोठ तहसील के ग्राम बालोदा में हथियार बंद कंजर चोरी करने पहुंच। सभी कंजर मिलकर ट्रैक्टर चोरी का प्रयास कर रहे थे इसी दौरान टेंट की दुकान पर सो रहे 62 वर्षीय गणपतलाल पिता रामचंद्र सेन की नींद खुल गई। वह सामने आया तो कंजरों ने उन पर बंदूक से फायर कर दिया। गोली के छर्रे बुजुर्ग के पेट में लगे। शोर-शराबा सुनकर ग्रामवासी एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि करीब 4 से 5 कंजर थे। जिनका पीछा करने पर दो-तीन जगह उन्होंने फायर किए। कंजरों ने 3 से 4 जगह चोरी करने का प्रयास किया। ग्रामीण घायल गणपतलाल को गरोठ अस्पताल लेकर आए। गरोठ ब्लाक मेडिकल आफिसर डा. दरबारसिंह ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मंदसौर जिला अस्पताल रैफर कर दिया गया। घायल गणपतलाल को गंभीर स्थिति के चलते सोमवार को सुबह मंदसौर से रतलाम मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया है। गणपतलाल के पेट में लगी गोली, छर्रे दोपहर तक नहीं निकले थे।
बाक्स
दो को पकड़ा, तीन की तलाश में लगी पुलिस टीमे
बालोदा में हुई फायरिंग के मामले में सोमवार सुबह लगभग 11 बजे एसपी विनोदकुमार मीणा भी घटनास्थल पर पहुंचे। यहां उन्होंने घटनास्थल देखने के साथ ही ग्रामीणों से भी चर्चा की और सुरक्षा का आश्वासन दिया। पुलिस ने उसके बाद सर्चिंग अभियान भी चलाया। एसपी मीना ने बताया कि वारदात में शामिल पांच कंजरों में से दो कमल कंजर और फोलू कंजर दोनों निवासी मुंडला डेरा जिला झालावाड़ को पकड़ लिया है। बाकी तीनों फरार कंजरों की तलाश भी जारी हैं।











